
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। नव भारतीय किसान संगठन के बैनर तले किसानों ने सोमवार को मंडलायुक्त कार्यालय का घेराव किया। किसान शहीद स्मारक से पैदल मार्च करते हुए कार्यालय पहुंचे और अपनी 10 मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष यादव ने किसानों को 400 यूनिट तक मुफ्त बिजली, 24 घंटे बिजली आपूर्ति, कृषि ऋण माफी और गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई।किसानों ने विधवा पेंशन बढ़ाकर 5 हजार रुपये प्रतिमाह करने, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, अवैध खनन और भू-माफियाओं पर कार्रवाई की मांग भी की। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो विधानसभा घेराव और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। किसानों ने बख्शी का तालाब क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर कब्जों की जांच और प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्री पर कार्रवाई की भी मांग रखी।