news-details

किसान की संदिग्ध मौत पर गरमाई राजनीत

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो, भाटपाररानी, देवरिया। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के परसौनी रघुनाथ गांव निवासी किसान जयप्रकाश यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। घटना को लेकर कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल 'रोशन' के नेतृत्व में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा और परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान उपाध्यक्ष केशवचंद यादव ने प्रदेश सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है।बताया गया कि किसान जयप्रकाश यादव सुबह घर से खेत जाने के लिए निकले थे, लेकिन बाद में उनका शव लक्ष्मणचक टोला भटवलिया स्थित चौरा के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों ने प्रतिनिधिमंडल के सामने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि घटना के जिम्मेदार लोग अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल 'रोशन' ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले से कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को भी अवगत कराया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष अरविंद शाही, जनार्दन वर्मा, डॉ. धर्मेंद्र पांडेय, जगरनाथ यादव, विजयशंकर मिश्र, धर्मेंद्र कुमार पांडेय, बृजेश यादव, सत्यपाल सिंह कुशवाहा, राजकिशोर यादव, कौलेश्वर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।