
पारदर्शी विकास ब्यूरो
खड्डा, कुशीनगर। तहसील खड्डा के नवागत उप जिलाधिकारी डॉ. संत राज सिंह ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही क्षेत्र में सक्रियता दिखाते हुए मदनपुर सुकरौली स्थित ठोकर नंबर-2 व 3 का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर नदी की स्थिति, जलस्तर और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
डॉ. संत राज सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें। नदी के किनारे अथवा आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचें और किसी भी स्थिति में लापरवाही न करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
नवागत एसडीएम के कार्यभार ग्रहण करते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की पहल की क्षेत्रवासियों ने सराहना की। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में तहसील क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा जनसमस्याओं के समाधान में भी तेजी आएगी।