news-details

कोर्ट में सांसद राहुल गांधी तलब, विवादित बयान पर आज सुनवाई

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Varanasi

एमपी-एमएलए कोर्ट में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को आज 13 अप्रैल को तलब किया गया है। विशेष न्यायाधीश यजुर्वेद विक्रम सिंह ने उन्हें समन जारी कर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है। पिछली तारीख पर अनुपस्थित रहने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी थी, ऐसे में आज की पेशी अहम मानी जा रही है।

मामला अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित ब्राउन यूनिवर्सिटी में दिए गए एक बयान से जुड़ा है, जहां राहुल गांधी पर भगवान राम को ‘काल्पनिक’ और ‘पौराणिक’ बताने का आरोप है। इसे लेकर अधिवक्ता हरिशंकर पांडेय ने आपत्ति दर्ज कराते हुए अदालत में परिवाद दायर किया था। उनका आरोप है कि इस बयान से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और यह सनातन धर्म के प्रतीकों का अपमान है।

इस मामले में पहले 12 मई 2025 को दाखिल परिवाद को निचली अदालत ने खारिज कर दिया था। इसके बाद 26 सितंबर को जिला जज की अदालत में पुनरीक्षण याचिका दाखिल की गई। अब इसी याचिका पर एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई होनी है।

अदालत में आज सबसे पहले याचिका की मेंटेनिबिलिटी पर बहस होगी, जिसके बाद तय किया जाएगा कि राहुल गांधी के खिलाफ मामला आगे बढ़ेगा या नहीं। कोर्ट ने संकेत दिए हैं कि यदि आज भी राहुल गांधी उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

यह मामला राजनीतिक और धार्मिक दृष्टि से संवेदनशील माना जा रहा है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।