
पारदर्शी विकास न्यूज़।
कानपुर देहात के रुरा थाना क्षेत्र में चिलौली गांव के पास गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार और ऑटो रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर में 12 वर्षीय बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, डेरापुर से रुरा की ओर सवारियां लेकर जा रहा ऑटो चिलौली गांव के पास पहुंचा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार हुंडई कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।हादसे के समय ऑटो में दानिश (12), रहमत अली (60), अंकित (19), आसिफ (14), सलीम (21), संजीव श्रीवास्तव (58) और चालक धर्मेंद्र (40) सवार थे। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुरा पहुंचाया।सीएचसी में चिकित्सकों ने दानिश और अंकित को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अकबरपुर रेफर कर दिया गया।रुरा थाना प्रभारी सुधीर भारद्वाज ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार और ऑटो को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया गया है। कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।