
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र के कोटरा गांव में कार की टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद सोमवार सुबह फायरिंग तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में शिवानी उर्फ सीमा (30), पत्नी शांतनु सिंह उर्फ मुन्नू, घायल हो गईं। उनके सीने में छर्रे लगने की बात सामने आई है। पुलिस ने उन्हें मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार, रविवार को गांव निवासी अमन सिंह और पंकज शुक्ला के बीच कार में टक्कर लगने को लेकर कहासुनी हुई थी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे दोनों पक्षों के लोग फिर आमने-सामने आ गए। इसी दौरान फायरिंग हो गई, जिसमें शिवानी उर्फ सीमा घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि घायल महिला अमन सिंह की चचेरी भाभी हैं।ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है। बीते 13 अप्रैल को भी दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई थी। उस घटना में पंकज शुक्ला के चाचा मुन्नर शुक्ला घायल हुए थे। मामले में सौरभ सिंह, दीपक सिंह और अमन सिंह पर जानलेवा हमले के आरोप लगे थे। बताया जा रहा है कि तीनों फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को लेकर चर्चा रही। माखी थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि कार की टक्कर को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में फिर से दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।