
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज। मांडा थाना क्षेत्र के महेवा कला गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद ने अगले दिन हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि तीन युवकों ने एक किशोर पर डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।महेवा कला गांव निवासी गौरव कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 जून को उनका भाई सौरव क्रिकेट खेलने गया था। खेल के दौरान गांव के विपिन कुमार से उसकी कहासुनी हो गई थी, लेकिन उस समय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया।आरोप है कि 26 जून को क्रिकेट खेलकर लौटते समय विपिन कुमार, संजय कुमार और राम किशुन ने सौरव को रास्ते में रोक लिया और डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान गाली-गलौज भी की गई। हमले में सौरव गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांडा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया।मांडा इंस्पेक्टर अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।