
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जनपद के हाटा तहसील क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। हाटा-पिपराइच मुख्य मार्ग पर अहिरौली थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव के समीप कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो महिलाओं और एक पुरुष की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक संख्या UP57W2462 पर सवार तीनों लोग हाटा से पिपराइच की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सोनबरसा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही कार संख्या UP52BD5909 से उनकी आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही अहिरौली थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी कसया तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को भी कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है।थाना प्रभारी अहिरौली प्रवेंद्र राय ने बताया कि मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।यह दर्दनाक हादसा पूरे क्षेत्र में शोक का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।