
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात। जिले की गौशालाओं में लापरवाही और अव्यवस्था पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने हाईटेक निगरानी व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। अब जनपद की सभी गौशालाओं को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा, जिससे वहां की हर गतिविधि पर अधिकारियों की सीधी नजर रहेगी।गौशालाओं में अव्यवस्था, गौवंशों की देखभाल में कमी और अन्य शिकायतों को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गौशालाओं की स्थिति की लगातार निगरानी की जाएगी।जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि जिले की सभी 64 गौशालाओं में जल्द ही कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों का कंट्रोल रूम विकास भवन स्थित पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में बनाया जाएगा, जहां से सभी गौशालाओं की 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।इस व्यवस्था के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि गौवंशों को समय पर चारा और पानी मिल रहा है या नहीं। साथ ही केयर टेकर की कार्यप्रणाली और गौशाला में आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखी जाएगी।यदि किसी गौशाला में लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना देकर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि सीसीटीवी निगरानी से पारदर्शिता बढ़ेगी और गौवंशों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित हो सकेगी।अब देखना होगा कि यह नई व्यवस्था गौशालाओं की जमीनी स्थिति में कितना सुधार ला पाती है।