
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर में मेट्रो विस्तार का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। सीएसए से बर्रा-8 तक बनने वाले कॉरिडोर-2 के एलिवेटेड हिस्से में बर्रा-7 और विजय नगर मेट्रो स्टेशनों के प्लेटफॉर्म लेवल की ढलाई पूरी हो गई है।अब दोनों स्टेशनों पर कॉनकोर्स लेवल के तकनीकी कमरों का निर्माण शुरू कर दिया गया है। इन कमरों में सिग्नलिंग, टेलीकॉम और बिजली आपूर्ति से जुड़े उपकरण लगाए जाएंगे। इसके बाद स्टेशन के ऊपरी ढांचे और छत का काम शुरू होगा।कॉरिडोर-2 की कुल लंबाई 8.60 किलोमीटर है। इसमें 4.50 किलोमीटर एलिवेटेड और 4.10 किलोमीटर अंडरग्राउंड ट्रैक बनाया जा रहा है। एलिवेटेड हिस्से में कृषि विश्वविद्यालय, विजय नगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8 स्टेशन शामिल हैं।वहीं अंडरग्राउंड रूट में रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया स्टेशन बनाए जाएंगे।यूपी मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक एलिवेटेड हिस्से में पाइलिंग का काम पूरा हो चुका है। अब ट्रैक बिछाने और स्टेशन निर्माण का काम तेजी से चल रहा है।फिलहाल कानपुर में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक करीब 15 किलोमीटर रूट पर मेट्रो सेवा संचालित हो रही है, जबकि सेंट्रल से नौबस्ता तक का काम भी अंतिम चरण में है।