
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) के निर्माण कार्य में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। करीब 8.60 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर के अंडरग्राउंड सेक्शन रावतपुर से डबल पुलिया के बीच डाउनलाइन टनल में ट्रैक बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही कॉरिडोर-2 डिपो रैंप से विजय नगर स्टेशन के पास बने रैंप तक डाउनलाइन ट्रैक तैयार हो गया है।अंडरग्राउंड सेक्शन की टनलिंग का काम मार्च में पूरा हुआ था। इसके बाद पटरियों की वेल्डिंग और बिछाने का कार्य शुरू किया गया। फिलहाल अपलाइन टनल और करीब 4.50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन में भी ट्रैक बिछाने का काम तेजी से चल रहा है।कानपुर मेट्रो में आधुनिक बैलास्ट-लेस यानी गिट्टी रहित ट्रैक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इससे ट्रैक का रखरखाव कम होगा और यात्रियों को सुरक्षित एवं आरामदायक सफर मिलेगा।टनल के भीतर पटरियों की वेल्डिंग के लिए डिपो रैंप के पास फ्लैश बट वेल्डिंग प्लांट लगाया गया था। वेल्डिंग के बाद पटरियों को विशेष उपकरणों की मदद से टनल तक पहुंचाया गया और कंक्रीट ट्रैक स्लैब तैयार किए गए। ट्रैक में डिरेलमेंट गार्ड और बिजली आपूर्ति के लिए थर्ड रेल भी लगाई गई है।यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि बारिश के बावजूद निर्माण और सिस्टम इंस्टालेशन का काम तेजी से पूरा करने का प्रयास जारी है। कॉरिडोर-2 का निर्माण अब तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है।