news-details

कानपुर में सड़क कम, गड्ढे ज्यादा! ; सड़क में गड्ढे या गड्ढों में धान!

You can share this post!

बदहाल सड़कों से हादसे, धीमा ट्रैफिक और रोजाना जाम

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर में बेहतर सड़क और सुगम यातायात के दावों के बीच कई प्रमुख मार्गों की बदहाली लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। साकेत नगर स्थित जागरण कॉलेज से दीप सिनेमा चौराहे तक सड़क जगह-जगह टूट चुकी है। वहीं जेके मंदिर से हरी गर्ल्स कॉलेज तक सड़क की हालत भी खराब है। किदवई नगर थाने से सोते बाबा मंदिर तक कई स्थानों पर गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़क के कारण वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इन मार्गों पर सुबह और शाम के व्यस्त समय में वाहनों का दबाव अधिक रहता है। सड़क पर बने गड्ढों से बचने के लिए कार, ऑटो और दोपहिया वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाते या दिशा बदलते हैं। इससे पीछे से आ रहे वाहनों के टकराने का खतरा बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और गंभीर है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई दिखाई नहीं देती और वाहन असंतुलित होकर गिर सकते हैं। सड़क की खराब स्थिति का सीधा असर यातायात की रफ्तार पर पड़ रहा है। गड्ढों वाले हिस्सों में वाहन धीरे चलते हैं, जबकि आसपास से निकलने की कोशिश में वाहन एक-दूसरे के रास्ते में आ जाते हैं। नतीजा यह होता है कि कुछ ही समय में यातायात धीमा होकर जाम में बदल जाता है। व्यस्त समय में लोगों को कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में भी काफी समय लग रहा है।जागरण कॉलेज से दीप सिनेमा चौराहे के बीच सड़क की खराब सतह के कारण विद्यार्थियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी होती है। जेके मंदिर से हरी गर्ल्स कॉलेज वाला मार्ग भी महत्वपूर्ण आवागमन क्षेत्र है। यहां सड़क खराब होने से वाहन चालकों को सावधानी से गुजरना पड़ता है। किदवई नगर थाने से सोते बाबा मंदिर तक भी गड्ढों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत केवल गड्ढे भरने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। बार-बार पैचवर्क के बजाय सड़क की गुणवत्ता, जलनिकासी और निर्माण सामग्री की जांच जरूरी है। लोगों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल निरीक्षण कर स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।शहरवासियों का सवाल है कि जब इन मार्गों से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं और सड़क खराब होने से हादसों तथा जाम का खतरा लगातार बना रहता है, तो जिम्मेदार विभाग समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं? सड़कें दुरुस्त होने पर ही यातायात सुचारु और शहरवासियों का सफर सुरक्षित हो सकेगा।

 


सड़क में गड्ढे या गड्ढों में धान!
बर्रा-कर्राही सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। बारिश के बाद सड़क के गड्ढों में पानी भरने पर सपाइयों ने उन्हीं गड्ढों में प्रतीकात्मक रूप से धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर खींचा।सपा नेता सुधांशु द्विवेदी ने कहा कि बर्रा-कर्राही मार्ग लंबे समय से जर्जर है। सड़क पर बने बड़े गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और गंभीर हो गई है।सपाइयों ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से इस सड़क की बदहाली का मुद्दा उठाया था। इसके बावजूद समस्या पूरी तरह दूर नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक प्रदर्शन किया।सपा नेताओं के मुताबिक सड़क का निर्माण CM ग्रिड योजना के तहत कराया जा रहा है, लेकिन काम की धीमी गति से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि निर्माण जल्द पूरा न होने से जनता को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।प्रदर्शन किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुभाष द्विवेदी के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान अनिल यादव, प्रदीप तिवारी, धीरज यादव, अकुल यादव, अभिषेक पासवान, अमन सिंह, अंकित द्विवेदी, कृष्णा पाण्डेय, अरबाज, शिवम शर्मा, शिब्बू और प्रिंस समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।