
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। हृदय रोग संस्थान (कार्डियोलॉजी) ने आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद मरीजों के इलाज में पूरे उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरे साल पहला स्थान हासिल किया है। वर्ष 2025-26 की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में सबसे ज्यादा कार्डियक सर्जरी इसी संस्थान में की गई हैं।आंकड़ों के मुताबिक कार्डियोलॉजी अस्पताल में दिल के ऑपरेशन की संख्या लगातार बढ़ी है। वर्ष 2023-24 में जहां 867 सर्जरी हुई थीं, वहीं 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 1,645 पहुंच गई। साल 2025-26 में रिकॉर्ड 2,913 मरीजों की कार्डियक सर्जरी की गई।पिछले तीन वर्षों में संस्थान में कुल 5,425 आयुष्मान कार्ड धारकों का मुफ्त हृदय उपचार और ऑपरेशन किया जा चुका है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को महंगे इलाज से बड़ी राहत मिली है।अस्पताल में स्टेंट डालने से लेकर कोरोनरी बाईपास सर्जरी (CABG), वाल्व रिप्लेसमेंट और आधुनिक तकनीक से होने वाली जटिल सर्जरी तक आयुष्मान योजना के तहत निशुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।विशेषज्ञों की टीम और बेहतर इलाज व्यवस्था के कारण कानपुर कार्डियोलॉजी पर प्रदेशभर के मरीजों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।