
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर के साकेत नगर स्थित एक होटल में शनिवार को कांग्रेस नेता के इकलौते इंजीनियर बेटे का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और कमरे से शराब की बोतल व सिगरेट के फिल्टर समेत कई सबूत जुटाए।मृतक की पहचान 32 वर्षीय मोहम्मद गयाश खान के रूप में हुई है, जो पुणे से बीटेक करने के बाद दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी कर रहे थे। पिछले कुछ महीनों से वह वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार को दोस्तों के साथ घर से निकले थे और रात में होटल में रुके थे।होटल स्टाफ के मुताबिक, गयाश एक बुर्का पहने युवती के साथ होटल पहुंचे थे, जो कुछ समय बाद वहां से चली गई। बाद में वह अकेले कमरे में लौटे। शनिवार सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा खोलने पर उनका शव पंखे से लटका मिला।घटना के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कमरे में मिले साक्ष्य और शव की स्थिति कई सवाल खड़े करते हैं। परिजनों ने उस युवती से भी पूछताछ की मांग की है, जो उनके साथ होटल आई थी।वहीं पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और होटल एंट्री रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, साथ ही युवती की तलाश कर उससे पूछताछ की जाएगी।फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।