
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी के पूर्व सांसद और गोरखपुर तथा बस्ती मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी घनश्याम चंद खरवार ने हाटा विधानसभा में सेक्टर और बूथ कमेटियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को 2027में बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनाने के लिए हर बूथ पर सर्वसमाज का मजबूत संगठन खड़ा करने का संदेश दिया और कहा कि- यूपी की मजबूरी है,बहन जी जरुरी है -नारे की चर्चा प्रदेश के हर कोने में हो रही है। बेटियों और महिलाओं के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं रोज हो रही हैं।खराब कानून व्यवस्था के साथ मंहगाई और बेरोज़गारी से पीड़ित जनता बहन मायावती जी के मुख्यमंत्रित्व काल की याद कर रही है। पूर्व सांसद ने भाजपा के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे को धोखा बताया और कहा कि योगी राज में महिलाओं के साथ सामाजिक हिंसा, यौनशोषण, दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं रोज हो रही हैं। बेटियों को पढ़ाने का काम बहन मायावती जी ने अपनी सरकार में किया था, सावित्रीबाई फुले शिक्षा मदद योजना के अन्तर्गत हाईस्कूल उत्तीर्ण होते ही साइकिल और दस हजार रुपए दिए जाते थे। पूर्व सांसद ने बसपा की नीतियों और उपलब्धियों पर विस्तार से संवाद किया। भाजपा, कांग्रेस और सपा तीनों पार्टियों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि प्रमोशन में आरक्षण, ठेकेदारी में आरक्षण, एस सी/एस टी कर्मचारियों को रिवर्ट करने और बहुजन महापुरुषों के नाम से बने जिलों को खत्म करने का काम सपा की सरकार ने किया। तीनों पार्टियां जातिवादी और आरक्षण विरोधी हैं।