
शादी के सपनों के बीच मौत की साजिश
PARDARSHI VIKASH NEWS पुणे में इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसी वारदात सामने आई है। यहां 26 साल के रियल एस्टेट कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की हत्या का आरोप उनकी मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी (22) पर लगा है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर केतन को लोहगढ़ किले से करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दिया और इसे हादसा बताने की कोशिश की।केतन 18 जून को अपनी मंगेतर सिया के साथ पुणे के लोहगढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए गए थे। कुछ समय बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में खाई में गिर गए।
रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में इसे हादसा माना गया था, क्योंकि सिया ने बताया था कि केतन का पैर फिसल गया था।हालांकि जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कई अहम सुराग मिले। फोन रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों से पता चला कि सिया का चेतन चौधरी के साथ संबंध था। पुलिस का आरोप है कि सिया शादी नहीं करना चाहती थी और केतन उसके रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसके बाद दोनों ने हत्या की साजिश रची।पुलिस जांच में सामने आया कि 14 जून को भी केतन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी। आरोप है कि सिया और चेतन ने लोहगढ़ पर केतन को खाई में धकेलने की योजना बनाई थी, लेकिन वह सफल नहीं हुई। इसके बाद दोबारा प्लान बनाकर 18 जून को उसे किले पर ले जाया गया।जांच के दौरान CCTV फुटेज में चेतन चौधरी के लोहगढ़ किले के आसपास मौजूद होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद सिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत पर हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है।केतन पुणे जिले के गहुंजे इलाके के रहने वाले थे और परिवार की रियल एस्टेट कंपनी में डायरेक्टर पद पर काम करते थे। वहीं सिया एक बड़े मसाला कारोबारी की बेटी है। दोनों की शादी नवंबर में राजस्थान के उदयपुर में होने वाली थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक शादी के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही थीं और मेहमानों के लिए खास इंतजाम किए जा रहे थे।शादी से पहले दोनों के बाली ट्रिप और प्री-वेडिंग शूट की भी योजना थी।
लेकिन पासपोर्ट गायब होने के कारण ट्रिप रद्द हो गई। केतन ने सिया के जन्मदिन के लिए महाबलेश्वर में लग्जरी रिसॉर्ट बुक कराया था और लोहगढ़ में फोटोशूट की तैयारी भी चल रही थी।केतन के माता-पिता ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। केतन के पिता ने कहा कि मामले की तेज सुनवाई होनी चाहिए ताकि दोषियों को जल्द सजा मिले। वहीं उनकी मां ने सिया और उसके साथी पर धोखा देने का आरोप लगाया।लोहगढ़ किला महाराष्ट्र के ऐतिहासिक किलों में शामिल है। यह पुणे से करीब 65 किलोमीटर दूर स्थित है और ट्रेकर्स के बीच काफी लोकप्रिय है। किले के कई हिस्सों में गहरी खाइयां और ढलान हैं, जिससे सावधानी न बरतने पर हादसे का खतरा रहता है।यह मामला इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड से जोड़ा जा रहा है, जहां आरोप था कि पत्नी सोनम रघुवंशी ने प्रेमी के साथ मिलकर हनीमून के दौरान पति की हत्या की साजिश रची थी। दोनों मामलों में शादी के रिश्ते और प्रेम संबंधों के बीच हत्या की साजिश के आरोप सामने आए हैं।
प्री-बर्थडे सेलिब्रेट करने किले पर गए थे, पुलिस के 5 खुलासे