news-details

काकोरी में घर से सात लाख की चोरी

You can share this post!


पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ।   काकोरी थाना क्षेत्र स्थित सकरा गांव में शुक्रवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर लिए। चोर पड़ोसी मकान की दीवार के सहारे घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। चोरी का पता शनिवार सुबह परिवार के जागने पर चला।पीड़िता रुखसार पत्नी नईम के अनुसार, रात में वह अपने पति के साथ घर में सो रही थीं, जबकि बच्चे एक शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान चोर घर में दाखिल हुए और सबसे पहले मोबाइल फोन चोरी किए। इसके बाद तकिए के नीचे रखी चाबियों का गुच्छा उठाकर घर के सभी कमरों की तलाशी ली। चोर अलमारी में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद, सोने का हार, झुमके, अंगूठियां, चार जोड़ी पायल सहित अन्य कीमती आभूषण और तीन मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है।
परिजनों के अनुसार, चोर घर से पूरी अलमारी ही उठा ले गए थे। बाद में घर से कुछ दूरी पर स्थित एक मैदान में अलमारी टूटी हुई अवस्था में मिली। वहां सामान बिखरा पड़ा था और जेवरात के डिब्बे खाली मिले। पीड़िता के भाई नसीम ने बताया कि चोरों ने मैदान में अलमारी का ताला तोड़कर कीमती सामान निकाल लिया और अलमारी वहीं छोड़ दी।घटना की सूचना मिलने पर काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़िता ने पड़ोस में रहने वाले कुछ कबाड़ी लोगों पर संदेह जताया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर चोरों की तलाश में जुटी है।