
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए शुक्रवार तड़के पुलिस ने कंजड़नपुरवा क्षेत्र में बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। सुबह करीब चार बजे पांच थानों की पुलिस, महिला पुलिसकर्मियों और अधिकारियों सहित लगभग 150 पुलिसकर्मी इलाके में एक साथ पहुंचे तो पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने ड्रोन की मदद से बस्ती की निगरानी करते हुए संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। बताया गया कि पुलिस टीमों ने अलग-अलग रास्तों से बस्ती में प्रवेश कर एक साथ कार्रवाई शुरू की। छापेमारी की सूचना मिलते ही कई संदिग्ध लोग अपने घरों में ताला लगाकर फरार हो गए। करीब पांच घंटे तक चले अभियान में पुलिस ने लगभग 75 संदिग्ध घरों की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान दो घरों से करीब 10 किलो मादक पदार्थ बरामद किया गया। वहीं 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।छापेमारी के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि ड्रग्स की तस्करी और सप्लाई में लिप्त पाए जाने वालों का जीवन सलाखों के पीछे गुजर सकता है।गुरुवार को हुई जिला समन्वय समिति की बैठक में भी शहर में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त का मुद्दा प्रमुखता से उठा था। बैठक में कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान इस समस्या पर गंभीर चिंता जताई गई थी। इसके बाद पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के निर्देश पर कंजड़नपुरवा में विशेष अभियान चलाया गया।डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के नेतृत्व में बर्रा, किदवई नगर, गोविंद नगर, जूही और बाबूपुरवा थाने की संयुक्त टीमों ने यह कार्रवाई की। अभियान में करीब 50 दरोगा, 80 पुरुष कांस्टेबल और 24 महिला कांस्टेबल शामिल रहीं। पुलिस ने ड्रोन से निगरानी करते हुए पूरे इलाके की गतिविधियों पर नजर रखी और संभावित ड्रग्स सप्लायर्स के ठिकानों की जांच की।डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को तोड़ना और इसके पीछे सक्रिय गिरोहों तक पहुंचना है। पूछताछ के दौरान यह जानकारी जुटाई जा रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाए जाते हैं, किन लोगों तक पहुंचाए जाते हैं और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जांच के आधार पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।