
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। शनिवार को कोइरीपुर रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर कांग्रेस सेवा दल ने रेलवे प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा है। मुख्य संगठक और अध्यक्ष अरुण कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में शनिवार को सौंपे गए इस मांग पत्र में क्षेत्रवासियों की समस्याओं को उजागर करते हुए बंद हो चुके ठहराव को दोबारा शुरू करने और नई ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग की गई है।ज्ञापन के अनुसार, कोइरीपुर रेलवे स्टेशन सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ और जौनपुर जिलों की सीमा पर स्थित एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यह क्षेत्र राष्ट्रकवि पंडित रामनरेश त्रिपाठी की जन्मस्थली होने के कारण सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व रखता है। इसके अतिरिक्त, यहां प्रसिद्ध धार्मिक स्थल 'विजेथुआ महाबीरन मंदिर' भी है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।पत्र में बताया गया है कि पूर्व में हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस (13049/13050) और वरुणा एक्सप्रेस (24227/24228) जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें इस स्टेशन पर रुकती थीं। हालांकि, वर्तमान में इन ट्रेनों का ठहराव या तो बंद कर दिया गया है या उनके रूट में बदलाव कर दिया गया है।इस स्थिति के कारण स्थानीय व्यापारियों, यात्रियों और श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए सुल्तानपुर या अन्य दूरदराज के स्टेशनों पर जाना पड़ता है, जिससे उनके समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।जनहित को ध्यान में रखते हुए, जिला कांग्रेस सेवा दल और समस्त क्षेत्रवासियों ने रेल प्रशासन से शटल एक्सप्रेस (20401 / 20402), सद्भावना एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस और श्रमजीवी एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की है।ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि इन ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित होने से लाखों की आबादी और स्थानीय जनता को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, यात्रियों की आवाजाही बढ़ने से रेलवे विभाग के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। यह ज्ञापन मंडल रेल प्रबंधक (उत्तर रेलवे, लखनऊ) को संबोधित करते हुए कोइरीपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर के माध्यम से सौंपा गया है।