
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर, । कप्तानगंज विकासखंड के ग्राम कोहड़ा में ट्रांसफार्मर फटने से हुए हादसे के बाद जिला प्रशासन और विद्युत विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। दुर्घटना में घायल लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर संबंधित अवर अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे गांव के सड़क किनारे स्थापित जर्जर ट्रांसफार्मर में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद पास स्थित एक मकान में आग लग गई, जिससे चार लोग झुलस गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी।जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा और क्षेत्राधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि प्रभावित परिवारों को शासन की मंशा के अनुरूप हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा भी आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया गया है। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों के उपचार एवं स्वास्थ्य स्थिति की प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।जांच में सामने आया कि ग्राम कोहड़ा निवासी उपेंद्र तिवारी सहित अन्य ग्रामीणों ने जनसुनवाई और जनता दर्शन कार्यक्रमों में पिछले चार माह से जर्जर ट्रांसफार्मर की शिकायत की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार सूचना देने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते यह हादसा हुआ।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल कुशीनगर राकेश मोहन ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कुबेरस्थान के अवर अभियंता अरविंद मणि त्रिपाठी को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें विद्युत वितरण खंड कसया कार्यालय से संबद्ध किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वहन भत्ता देय होगा।इसके अलावा अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड पडरौना को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।