news-details

किडनी कांड का मास्टरमाइंड डॉ. रोहित गिरफ्तार

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur

चर्चित किडनी कांड के फरार मास्टरमाइंड डॉ. रोहित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गाजियाबाद से पकड़कर कानपुर लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, रोहित खुद को डॉक्टर बताकर अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट चला रहा था, जबकि वह केवल 12वीं पास है।

इस मामले का खुलासा 30 मार्च को कल्याणपुर स्थित अहूजा हॉस्पिटल में हुआ था, जहां अवैध रूप से किडनी ट्रांसप्लांट किए जा रहे थे। इससे पहले हॉस्पिटल संचालक दंपति डॉ. सुरजीत अहूजा और प्रीति अहूजा समेत दलाल शिवम काना सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ में सामने आया था कि दिल्ली निवासी रोहित इस पूरे गिरोह का सरगना है।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि रोहित फर्जी डॉक्टर बनकर ऑपरेशन थिएटर तक पहुंच जाता था। पुलिस को उसकी कई तस्वीरें मिली हैं, जिनमें वह एप्रन और स्टेथोस्कोप के साथ डॉक्टरों के बीच ऑपरेशन करता दिख रहा है। इस मामले में मेरठ के डॉ. अफजल और ओटी टेक्नीशियन मुदस्सर अली की भी संलिप्तता सामने आई है, जिनकी तलाश जारी है।

डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि रोहित से पूछताछ में सिंडिकेट से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। अब तक इस मामले में 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।