news-details

झोलाछाप के इलाज से बच्चे के हाथ में संक्रमण, पुलिस से शिकायत

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के नवाबगंज क्षेत्र में एक झोलाछाप के कथित इलाज से पांच वर्षीय बच्चे के हाथ में गंभीर संक्रमण फैलने का मामला सामने आया है। नवादा पहाड़पुर गांव निवासी नेत्रपाल ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे आर्यन के तिरछे हाथ को सीधा करने का दावा कर एक झोलाछाप ने चार हजार रुपये लेकर उपचार किया, जिसके बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार आर्यन का बायां हाथ दो वर्ष पहले टूट गया था और प्लास्टर हटने के बाद वह थोड़ा टेढ़ा रह गया था। आरोप है कि 5 जून को एक व्यक्ति ने घर पहुंचकर हाथ को सीधा करने का दावा किया और दवा लगाकर पट्टी बांध दी। करीब 10 दिन बाद बच्चे के हाथ में संक्रमण फैल गया और उसे तेज दर्द होने लगा। इसके बाद परिजनों ने नवाबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हुई है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। परिवार ने बच्चे के उपचार के साथ-साथ आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।