
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के मया बाजार विकासखंड स्थित दिलासीगंज कस्बे में पिछले छह माह से सड़क की ओर झुका एक विद्युत खंभा स्थानीय लोगों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। दिलासीगंज से कुर्की चौराहा जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित इस खंभे से लगातार चिंगारी निकलने और शॉर्ट सर्किट होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार आंधी के दौरान खंभा झुक गया था, लेकिन अब तक इसे सीधा करने या बदलने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। खंभे से जुड़ी एलटी लाइनें ढीली होने के कारण हवा चलने पर तार आपस में टकराते हैं, जिससे चिंगारी निकलती है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्कूल, मंडी और आवासीय क्षेत्र के निकट होने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद विभागीय कर्मचारी केवल तारों की मरम्मत कर लौट गए। लोगों ने झुके खंभे को तत्काल बदलने तथा मरम्मत होने तक सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग लगाने की मांग की है। विद्युत विभाग के जेई भीमसेन यादव ने आश्वासन दिया है कि खंभे को जल्द ठीक कराया जाएगा।