
पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय दैलवारा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11 (कला संकाय) में उपलब्ध संभावित रिक्त सीटों को भरने के लिए पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विद्यालय के प्राचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 25 जून 2026 निर्धारित की गई है। प्राचार्य के अनुसार विद्यार्थियों का चयन कक्षा 10 में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार कर किया जाएगा। इच्छुक छात्र-छात्राएं विद्यालय से सीधे आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं अथवा नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। विधिवत भरे हुए आवेदन पत्र विद्यालय के ई-मेल पर भेजे जा सकते हैं। इसके अलावा अभ्यर्थी आवेदन पत्र विद्यालय कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर भी जमा कर सकते हैं। विद्यालय प्रशासन ने पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि उन्हें प्रवेश प्रक्रिया का लाभ मिल सके। आवेदन एवं प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी विद्यालय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।