news-details

जर्जर सड़क से बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। जनपद कुशीनगर के जटहा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा पकहा मुसहरी टोला में लगभग पांच वर्ष पूर्व निर्मित पक्की सड़क आज पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। यह सड़क क्षेत्र के करीब 10 ग्राम सभाओं को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, लेकिन बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार, इसी मार्ग से किसान अपने खेतों की सिंचाई के लिए ट्यूबवेल तक पहुंचते हैं। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और टूट-फूट होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। यही मार्ग कई गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ता है, जिससे पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सड़क की खराब स्थिति के कारण जलजमाव की समस्या भी गंभीर हो गई है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों का आवागमन दूभर हो गया है।ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के किनारे धीरे-धीरे टूटने और अतिक्रमण के कारण मार्ग संकरा होता जा रहा है, जिससे भविष्य में इसके पूरी तरह बंद होने का खतरा भी पैदा हो गया है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का समाधान हो सके और क्षेत्र की हजारों की आबादी को राहत मिल सके।इस दौरान ओमप्रकाश यादव, हरिंदर गुप्ता, गोबिंद यादव, प्रेम सागर यादव, गुड्डू यादव, पतिराम, रामाशंकर, रामाशंकर प्रसाद, मुखलाल प्रसाद, तारकेश्वर तिवारी और हीरालाल प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।