news-details

जर्जर बिजली तारों को बदलने की मांग तेज

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया। सलेमपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत मधवापुर में जर्जर विद्युत तारों से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड सलेमपुर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और तारों को तत्काल बदलवाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में वर्षों पुराने विद्युत तार पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं, जिससे आए दिन फाल्ट और तार टूटने की घटनाएं हो रही हैं। इससे न केवल बिजली आपूर्ति बाधित होती है, बल्कि किसी बड़े हादसे की आशंका भी लगातार बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम प्रधान हरिश्चंद्र पांडेय उर्फ गुड्डू बाबा ने 1 अगस्त 2025 को विभाग को लिखित प्रार्थना पत्र देकर तार बदलवाने की मांग की थी। इसके बाद भी कई बार अधिकारियों को मौखिक रूप से समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।ग्रामीणों के अनुसार बीती रात जर्जर तारों में तीन बार चिंगारी के साथ फाल्ट हुआ, जिससे पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बन गया। विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर फाल्ट तो ठीक कर दिया, लेकिन समस्या की जड़ बने पुराने तारों को बदलने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया।प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नए विद्युत तार नहीं लगाए गए तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसी स्थिति में होने वाली किसी भी जनहानि या दुर्घटना की पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई कर सुरक्षित एवं सुचारु विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम प्रधान हरिश्चंद्र पांडेय उर्फ गुड्डू बाबा, शुभम पांडेय, गोलू पांडेय, शशिशांत यादव, धीरज यादव, विशाल यादव, रवि पांडेय, विकास पांडेय, पियूष दुबे, रिंकू यादव, रोहित पांडेय, शांतु यादव, दीपक पांडेय, संदीप यादव, अभिषेक यादव, मिथु यादव, अनीश कुमार, अनुज तथा भुअर बाबा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।