
अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर कांग्रेस को मिली नई ताकत
पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर। फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के महुअवा मंडल में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यकर्ता बैठक और सदस्यता अभियान कार्यक्रम कांग्रेस के लिए उत्साहवर्धक साबित हुआ। कार्यक्रम के दौरान दर्जनों स्थानीय लोगों ने कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों के जुड़ने से क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिलने की चर्चा रही।कार्यक्रम में पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रविन्द्र विश्वकर्मा ‘राधे’, वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। सदस्यता ग्रहण करने वाले लोगों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया।इस अवसर पर पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू ने कहा, "देश और प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से परेशान है। लोग अब ऐसी राजनीति चाहते हैं जो उनके मुद्दों की बात करे। कांग्रेस पार्टी लगातार जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की लड़ाई लड़ रही है। बड़ी संख्या में लोगों का पार्टी से जुड़ना इस बात का संकेत है कि जनता का विश्वास कांग्रेस पर बढ़ रहा है।"जिलाध्यक्ष रविन्द्र विश्वकर्मा 'राधे' ने कहा, "कांग्रेस संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से पार्टी आने वाले समय में और अधिक सशक्त होकर उभरेगी।कार्यक्रम के आयोजक एवं कांग्रेसी नेता तथा पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी आरिफ अली ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष तेज करने पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम का समापन कांग्रेस पार्टी के पक्ष में नारेबाजी और संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।जय कांग्रेस जय कुशीनगर का उद्घोष पूरे कार्यक्रम के दौरान गूंजता रहा।