news-details

जनशिकायतों का करें त्वरित निस्तारणः डीआईजी

You can share this post!

पुलिस उप महानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र ने की अपराध समीक्षा बैठक

पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा मंगलवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय, बांदा में अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता पुलिस उप महानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बांदा राजेश एस. द्वारा की गई। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर मृगांक शेखर पाठक, पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह एवं सहायक पुलिस अधीक्षक बांदा/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक उपस्थित रहीं । बैठक में संगठित अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध संचालित अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई । साथ ही मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा हेतु संचालित कार्यक्रमों की प्रगति, साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता, ई-साक्ष्य संकलन की गुणवत्ता तथा जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की स्थिति का मूल्यांकन किया गया । गोष्ठी के दौरान परिक्षेत्र के समस्त जनपदों में पूर्व में घटित घटनाओं का विश्लेषण करते हुए आवश्यक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु निम्नलिखित निर्देश प्रदान किए गए।बैठक में डीआईजी ने निर्देश दिए कि फायर व आपात सेवाओं को पूर्णतः सक्रिय, तत्पर एवं उत्तरदायी रखा जाए । ताकि दुर्घटना की स्थिति में गोल्डन आवर के भीतर राहत व बचाव कार्य प्रारम्भ किया जा सके ।प्रत्येक थाना क्षेत्र में सतत गश्त एवं पेट्रोलिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए । गंभीर अपराधों की विवेचना में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए । प्रचलित अभियान “आपरेशन कन्विक्शन” के अंतर्गत प्रभावी कार्यवाही करते हुए लंबित प्रारंभिक एवं विभागीय जांचों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए । जनसुविधा को केंद्र में रखते हुए शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल दिया जाए । साइबर अपराध मामलों में त्वरित व प्रभावी कार्यवाही की जाए तथा इस संबंध में जन-जागरूकता को सुदृढ़ किया जाए । सड़क दुर्घटनाओं में निरंतर कमी लाने हेतु लक्षित एवं परिणामोन्मुख रणनीति अपनाई जाए । मिशन शक्ति केंद्रों की पहुंच एवं जन-जागरूकता को और अधिक व्यापक बनाया जाए । बैठक के दौरान अपराधियों के विरुद्ध ‘जीरो टालरेंस’ नीति का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस कार्यवाहियों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने तथा आमजन के साथ संवेदनशील, शालीन एवं मर्यादित व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया ।