
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों के साथ जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्यों को सुचारू, सरल और समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यरत प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों द्वारा किए जा रहे मकान गणना कार्यों की नियमित प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करें। जिन क्षेत्रों में कार्य की गति धीमी पाई जाएगी, वहां विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान कर कार्य में तेजी लाई जाए।उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी लगातार चार्ज अधिकारियों के संपर्क में रहकर बेहतर कार्य रणनीति तैयार करें, जिससे जनपद जनगणना कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके। साथ ही जनगणना कार्य में लगे कर्मियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में जिलापूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनगणना ड्यूटी में लगे कर्मियों को आवश्यकता अनुसार पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध कराने के लिए जनपद के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को आवश्यक पत्र जारी किया जाए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।