
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को तहसील सभागार गौरीगंज में फील्ड ट्रेनर्स के दूसरे बैच का प्रशिक्षण शुरू हुआ। प्रशिक्षण 12 से 14 अक्टूबर तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। इससे पहले 8 से 10 अक्टूबर तक पहले बैच का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। दोनों बैचों में 34-34 प्रशिक्षकों को तैयार किया जा रहा है। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर अजय कुमार सिंह, प्रधानाचार्य आईटीआई जगदीशपुर और धीरेंद्र कुमार कुरील, एचओडी सिविल, संजय गांधी पॉलिटेक्निक जगदीशपुर ने जनगणना की प्रक्रियाओं, कार्यप्रणाली और निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। ये प्रशिक्षक आगे जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्वगणना 16 से 30 नवंबर 2026 तक होगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 की मध्यरात्रि तक आबादी की गणना की जाएगी। बेघर परिवारों की गणना चार जनवरी को शाम छह बजे से रात 12 बजे तक होगी, जबकि पुनरीक्षण कार्य पांच से नौ जनवरी 2027 तक चलेगा।प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक व्यक्ति की गणना सुनिश्चित करने और आंकड़ों का शुद्ध संकलन करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार गौरीगंज, प्रभारी जनगणना अधिकारी सिवी गौतम, जनगणना सहायक सर्वेश श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।