
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले रविवार को राजधानी लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में विशेष योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। पतंजलि योग समिति लखनऊ पूर्व के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में लगभग 600 से 700 लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।कार्यक्रम का आयोजन पार्क के गेट नंबर-1 पर किया गया, जिसमें विधान परिषद सदस्य इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया।योगाचार्यों ने इस अवसर पर योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने बताया कि नियमित योग करने से शरीर फिट रहता है, मानसिक तनाव कम होता है और जीवन में ऊर्जा एवं सकारात्मकता बढ़ती है।कार्यक्रम में प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन और अनुलोम-विलोम जैसे योगासनों का अभ्यास कराया गया। इन आसनों के लाभ भी समझाए गए, जिनमें शरीर का संतुलन सुधारना, रीढ़ को मजबूत करना, पाचन तंत्र को बेहतर बनाना और श्वसन प्रणाली को सशक्त करना शामिल है।कार्यक्रम में कई सामाजिक और योग संगठन से जुड़े पदाधिकारी भी मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित करना बताया गया।