
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर जनपद के खड्डा तहसील अंतर्गत जटहा बाजार थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पकहा लुकपुर में जमीन विवाद को लेकर पारिवारिक तनाव का मामला सामने आया है। गांव निवासी सुधीर यादव ने जटहा बाजार थाने में लिखित तहरीर देकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।सुधीर यादव का आरोप है कि उनके चचेरे भाई सुनील यादव, जो भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं, दूरभाष के माध्यम से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। तहरीर में कहा गया है कि सुनील यादव ने छुट्टी लेकर गांव आने पर उन्हें और उनके परिवार को गोली मारने की धमकी दी है, जिससे पूरा परिवार भय और दहशत के माहौल में जी रहा है।जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि सुनील यादव अपने हिस्से की भूमि पर पक्का मकान बनवाकर निवास कर रहे हैं, जबकि सुधीर यादव की जमीन अभी खाली पड़ी है। पीड़ित का आरोप है कि इसी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से उन्हें बार-बार धमकियां दी जा रही हैं।मामले को गंभीर बताते हुए सुधीर यादव ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने तथा आरोपों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।