
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र की लोहिया उझावली ग्राम पंचायत में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार रात हुई हल्की बारिश के बाद गांव का मुख्य खरंजा कीचड़ और जलभराव से दलदल में तब्दील हो गया।जलभराव के कारण राहगीरों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना हुआ है।ग्रामीणों का कहना है कि हर बारिश के बाद मुख्य रास्ते पर पानी भर जाता है। कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से पक्की नाली निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।ग्रामीण महावीर प्रसाद ने बताया कि हर बरसात में रास्ता दलदल बन जाता है। कैलाश चंद्र ने कहा कि सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को होती है। संजय निषाद ने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे की आशंका जताई, जबकि प्रभुदयाल वर्मा ने प्रशासन से जल्द स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है।