
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। हालिया बारिश के बाद शहर में हुए जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने सीसामऊ नाले का निरीक्षण किया। दोपहर करीब 12:15 बजे नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के साथ उन्होंने लगभग 40 मिनट तक क्षेत्र का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान महापौर ने वीआईपी रोड पर जलभराव को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि सीसामऊ नाले की सफाई और जल निकासी को लेकर मार्च में समीक्षा बैठक हो चुकी थी, इसके बावजूद पानी भरना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।महापौर ने कहा कि यदि भारी बारिश के बाद भी लंबे समय तक जलभराव बना रहता है तो वह अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने को तैयार हैं। हालांकि उनका कहना था कि वीआईपी रोड पर बारिश का पानी लगभग एक घंटे के भीतर निकल गया था।निरीक्षण के दौरान टैफ्को क्षेत्र में नाले पर अवैध अतिक्रमण मिलने पर महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि नालों पर कब्जे के कारण जल निकासी बाधित हो रही है, जिससे बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भर जाता है और आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। इस संबंध में उन्होंने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।महापौर ने जलभराव की समस्या के लिए जल निगम की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था सभी संबंधित विभागों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने नालों और सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि शहर की समस्याओं के प्रति लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भी भेजा जाएगा।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए शहर को जलभराव की समस्या से जल्द राहत दिलाने के निर्देश दिए।