
Pardarshi Vikas News Jhansi
एससी-एसटी एक्ट कोर्ट के विशेष न्यायाधीश आदित्य चतुर्वेदी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। यह धमकी डाक के जरिए भेजे गए एक पत्र में दी गई, जिसमें लिखा था कि जज ने उनके समुदाय के लोगों को गलत सजा दी है और लंबे समय से उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पत्र में 30 अप्रैल तक कोर्ट परिसर में बम से उड़ाने की बात भी कही गई है।
यह पत्र 16 अप्रैल को प्राप्त हुआ, जिसके बाद 17 अप्रैल को कोर्ट प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जज और कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पत्र कचहरी परिसर स्थित डाकघर से भेजा गया था, जिस पर वहीं की मुहर लगी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान हो सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत भी हो सकती है, लेकिन मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। सहायक पुलिस अधीक्षक ने बताया कि न्यायालय और जज दोनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है और जांच जारी है।