
पारदर्शी विकास न्यूज़ मथुरा। अति-सुरक्षित माने जाने वाले जजेज कॉलोनी क्षेत्र में चोरों ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) के सरकारी आवास का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और लाइसेंसी पिस्तौल सहित जिंदा कारतूस चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही सदर बाजार पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।प्राथमिकी के अनुसार, एसीजेएम की पत्नी प्रिया कुमारी ने बताया कि 4 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे पूरा परिवार मकान में ताला लगाकर रोहतक, हरियाणा स्थित अपने गृह जनपद चला गया था। 6 सितंबर को सुबह करीब 11:15 बजे एक डिलीवरी बॉय सामान देने पहुंचा तो मकान का ताला टूटा मिला। सूचना मिलने पर वीडियो कॉल के जरिए घर की स्थिति देखी गई, जहां मुख्य द्वार और बेडरूम के ताले-कुंडी टूटे मिले तथा सामान बिखरा पड़ा था।चोर अलमारी और तिजोरी तोड़कर 8 जोड़ी सोने के कुंडल, दो अंगूठियां, सोने की चेन, रुद्राक्ष वाली सोने की चेन, दो सोने की नथिया, 100 ग्राम चांदी का बिस्किट, दो चांदी के सिक्के और 25 हजार रुपये नकद ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।