
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के प्रसिद्ध पांचाल घाट पर ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हजारों भक्त पतित पावनी गंगा में स्नान करने के लिए घाट पर पहुंचने लगे। सुबह 10 बजे तक करीब 8 हजार श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। हरदोई, इटावा, एटा, मैनपुरी समेत आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित पांचाल घाट पहुंचे।गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगल कामना के लिए पूजा-अर्चना की। जिन भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हुई थीं, उन्होंने गंगा मैया को चुनरी, वस्त्र, सुहाग सामग्री और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कई श्रद्धालुओं ने घाट पर पंडितों के सान्निध्य में भगवान श्री सत्यनारायण स्वामी की कथा का श्रवण किया और विधि-विधान से पूजन कर दक्षिणा अर्पित की।घाट पर लगे मेले में भी पूरे दिन रौनक बनी रही। महिलाओं ने पूजा सामग्री, श्रृंगार के सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी की, जबकि बच्चों ने मेले के आकर्षणों का आनंद लिया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ गहरे पानी वाले क्षेत्रों में चेतावनी झंडियां लगाई गई थीं, ताकि स्नान के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो।