
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के अमेठी कस्बे में बुधवार रात बदमाशों ने एक ज्वेलर्स को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश ज्वेलर्स की स्कूटी और गहनों व रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। गोली ज्वेलर्स के पैर में लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत खतरे से बाहर है।घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। पीड़ित ज्वेलर्स सचिन सोनी अमेठी के पटवन टोला के रहने वाले हैं। वह दुकान बंद कर स्कूटी से घर जा रहे थे। दुकान से करीब 300 मीटर दूर भवानी मंदिर के पास तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।बदमाशों ने स्कूटी और बैग लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्होंने सचिन के पैर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल ज्वेलर्स को अस्पताल पहुंचाया।सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।पुलिस के अनुसार, वारदात को रेकी के बाद अंजाम दिए जाने की आशंका है, क्योंकि घटनास्थल के पास अंधेरा रहता है और बदमाशों को ज्वेलर्स के आने-जाने की जानकारी थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।