
PARDARSHI VIKASH NEWS जिप लाइन हादसे में जान गंवाने वाले 16 वर्षीय कुनाल के माता-पिता शुक्रवार को डीएम मनीष बंसल से न्याय की गुहार लगाने पहुंचे। इस दौरान बेटे को याद कर मां रिंकी अग्रवाल और पिता पंकज अग्रवाल भावुक हो गए। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही बरतने और दोषियों को बचाने का आरोप लगाया।रिंकी अग्रवाल ने रोते हुए कहा कि हादसे के बाद उनका बेटा करीब दो घंटे तक तड़पता रहा, लेकिन एडवेंचर कंपनी का कोई कर्मचारी मदद के लिए आगे नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर न एंबुलेंस थी और न ही प्राथमिक उपचार की कोई व्यवस्था। उन्होंने कहा कि अगर समय पर इलाज मिल जाता तो शायद उनके बेटे की जान बच सकती थी।पिता पंकज अग्रवाल ने कहा कि हादसे के पांच दिन बाद भी किसी जिम्मेदार पर कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा परिवार का सहारा था और अब पूरा परिवार टूट गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने जल्दबाजी में गलत तरीके से तहरीर दर्ज की और अब तक कोई अधिकारी परिवार से मिलने नहीं आया।परिजनों ने डीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं अग्रवाल महासभा ने भी प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग उठाई है।