
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। इटौंजा थाना क्षेत्र में माल रोड पर गुराही के पास शनिवार सुबह एक मक्के से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को ट्रक से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ट्रक हरदोई से मक्का लादकर लखनऊ की ओर जा रहा था। गुरही के पास माल रोड पर अचानक एक जानवर सामने आ गया, जिससे चालक का नियंत्रण ट्रक से हट गया और ट्रक सड़क किनारे खेत में पलट गया।इटौंजा थाना प्रभारी सोबरन सिंह ने बताया कि घायल चालक की पहचान हरदोई निवासी आशीष पुत्र अशोक के रूप में हुई है। ट्रक में मक्का लदा हुआ था।हादसे के बाद मक्के को दूसरे ट्रक में शिफ्ट कराया गया। खेत में पलटे ट्रक को क्रेन और हाइड्रा की मदद से हटाया जा रहा है। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सामान्य करा दिया है और मौके पर स्थिति शांतिपूर्ण है।