news-details

जोन-1 समीक्षा बैठक में फूटा पार्षदों का गुस्सा

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को महापौर प्रमिला पाण्डेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में जोन-1 की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान पार्षदों ने विकास कार्यों में देरी, फाइलें गायब होने और अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर जमकर नाराजगी जताई। कई पार्षदों ने आरोप लगाया कि महीनों से उनकी फाइलें नहीं मिल रही हैं, जिससे सड़क, स्ट्रीट लाइट और अन्य विकास कार्य ठप पड़े हैं।पार्षद हाजी सुहैल अहमद ने वर्ष 2024-25 की टेंडर के बाद गायब हुई फाइल और कूड़ा अड्डे की फाइल का मुद्दा उठाया। पार्षद कौशिक वाजपेयी, अनवर अली, फैजान रहमान और आकर्ष बाजपेयी ने भी अपने-अपने वार्डों की कई फाइलें गायब होने की शिकायत की। आकर्ष बाजपेयी ने जोन-1 में तैनात लिपिक आशुतोष मिश्रा को हटाने की मांग की, जिस पर महापौर ने नगर आयुक्त को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक के दौरान पार्षद राशिद महमूद, सुशील तिवारी, आदर्श गुप्ता, अमित गुप्ता, शिवम दीक्षित, विकास साहू और अभिषेक गुप्ता ने भी स्ट्रीट लाइट, सड़क निर्माण, रोड कटिंग और लंबित विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। पार्षदों का कहना था कि स्वीकृति मिलने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हो रहे हैं और अधिकारियों के लगातार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।पार्षदों की शिकायतों पर महापौर प्रमिला पाण्डेय ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य अभियंता से भी कार्यप्रणाली में सुधार सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, जोन-1 के अधिशाषी अभियंता आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि वह चार माह पहले ही तैनात हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिन पुरानी फाइलों की शिकायतें मिली हैं, उन्हें मंगाकर उनके शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों के चक्कर काट रहे पार्षद
पार्षद आदर्श गुप्ता ने कहा कि पार्षदों को अपने ही काम के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने बताया कि एक फाइल गायब होने के बाद दोबारा बनाई गई, दो बार मंजूरी भी मिली, लेकिन बाद में वही सड़क विधायक निधि से बन गई। पार्षद अमित गुप्ता ने आरोप लगाया कि केस्को ने जनरलगंज की सड़क खोद दी, लेकिन उसकी फाइल आज तक नहीं बनी। रोड कटिंग का पैसा जमा होने के बावजूद चार सड़कों का काम शुरू नहीं हो सका।

इस साल एक भी लाइट नहीं मिली
पार्षद शिवम दीक्षित ने कहा कि उनके क्षेत्र की कई गलियां टूटी हुई हैं। कई बार पत्र देने के बावजूद फाइल तैयार नहीं हुई। पार्षद विकास साहू ने कहा कि इस साल उनके वार्ड में मार्ग प्रकाश की एक भी फाइल मंजूर नहीं हुई और एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं मिली।पार्षद अभिषेक गुप्ता ने कहा कि अधिकारी आपत्तियों की जानकारी तक नहीं देते। उनके क्षेत्र की मुख्य सड़कें और गलियां पूरी तरह उखड़ी पड़ी हैं।