
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा में बढ़ते जाम और सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या को लेकर पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार खुद सड़क पर उतर आए। बुधवार रात करीब 11 बजे उन्होंने सदर क्षेत्र के मधुनगर चौराहे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चौराहे पर अव्यवस्था और अतिक्रमण देखकर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई।निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने पाया कि चौराहे के आसपास वाहन खड़े थे और कई ठेले भी लगे हुए थे, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। मौके पर एसीपी सदर रामप्रवेश गुप्ता मौजूद नहीं थे। काफी देर तक इंतजार के बाद पुलिस कमिश्नर ने वायरलेस पर उनकी लोकेशन पूछते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “एसीपी सदर कहां गायब हैं? मैं यहां खड़ा हूं और आप गायब हैं। इतना कॉमन सेंस नहीं है क्या?”पुलिस कमिश्नर के सख्त तेवर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ देर बाद एसीपी सदर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद कमिश्नर ने उन्हें, एसीपी ट्रैफिक और थाना प्रभारी सदर को कड़े निर्देश दिए कि चौराहों पर किसी तरह का अतिक्रमण और अवैध पार्किंग न होने दी जाए।निरीक्षण के दौरान डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास, डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार और एसीपी इमरान अहमद भी मौजूद रहे। इसके बाद पुलिस कमिश्नर फतेहाबाद रोड और ताजगंज क्षेत्र में भी पहुंचे और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।दीपक कुमार ने निर्देश दिए हैं कि सभी प्रमुख चौराहों के 50 मीटर दायरे में अतिक्रमण पूरी तरह हटाया जाए और चौराहों को जाम मुक्त रखा जाए। उन्होंने सभी एसीपी को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में थानेदारों के साथ रोजाना विशेष यातायात अभियान चलाएं और रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, काली फिल्म, स्टंट और ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों पर कार्रवाई करें।कमिश्नर के निर्देशों का असर गुरुवार को शहर के कई चौराहों पर दिखाई दिया। रामबाग चौराहे सहित कई स्थानों पर अतिक्रमण कम नजर आया और यातायात व्यवस्था पहले से बेहतर दिखी।