
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। करीब नौ महीने से जेल में बंद वकील अखिलेश दुबे की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई है। अनियंत्रित शुगर और संक्रमण के चलते उनकी किडनी प्रभावित हुई है। फिलहाल उनका इलाज उर्सला अस्पताल में चल रहा है।छह अप्रैल को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अखिलेश दुबे को अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। उस समय उन्हें हाई बीपी, शुगर और घुटनों में तेज दर्द की शिकायत थी। हालत गंभीर होने पर जेल प्रशासन ने उन्हें उर्सला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया था।कानपुर जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय मेडिकल टीम ने उनकी स्वास्थ्य जांच की। मंगलवार को टीम ने जांच रिपोर्ट का परीक्षण किया, जिसमें डायबिटिक नेफ्रोपैथी यानी मधुमेह से जुड़ी किडनी की बीमारी की पुष्टि हुई।डॉक्टरों के मुताबिक लंबे समय से शुगर अनियंत्रित रहने के कारण किडनी के फिल्टर प्रभावित हो गए हैं। इसके अलावा यूरिन संक्रमण भी पाया गया है, जिससे उनकी हालत और गंभीर हो गई है।जांच कर रहे डॉक्टर डॉ. पीयूष मिश्रा ने बताया कि अनियंत्रित शुगर और संक्रमण की वजह से किडनी को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि डायबिटिक नेफ्रोपैथी में किडनी के फिल्टर करने वाले हिस्से धीरे-धीरे खराब होने लगते हैं।डॉक्टरों ने बताया कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए घुटने के प्रत्यारोपण का ऑपरेशन फिलहाल टाल दिया गया है, क्योंकि मरीज की सेहत सर्जरी के लिए उपयुक्त नहीं है।मेडिकल टीम में कांशीराम अस्पताल के डॉ. पीयूष मिश्रा और डॉ. एसपी कटियार शामिल हैं। इसके अलावा कार्डियोलॉजी विभाग से डॉ. प्रवीण शुक्ला को भी टीम में रखा गया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीज की स्थिति का विस्तृत परीक्षण कर आगे के इलाज के लिए सुझाव दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक जांच रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेज दी गई है और अखिलेश दुबे के उपचार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।