news-details

जिले के 132 केवी उपकेंद्र पर हुआ बवाल, 40 पर मुकदमा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी
जिले में बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर गौरीगंज स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र में हंगामा करने के आरोप में महिला किसान नेत्री रीता सिंह और उनके समर्थकों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विभाग के अवर अभियंता (जेई) की तहरीर पर पुलिस ने रीता सिंह, उनके बेटे नंदन सिंह समेत 30 से 40 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह घटना गुरुवार की रात चार दर्जन से अधिक महिलाएं लाठी-डंडों के साथ गौरीगंज स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र पहुंचीं। आरोप है कि इन महिलाओं ने उपकेंद्र में घुसकर वहां तैनात कर्मचारियों के साथ अभद्रता की, हंगामा किया और उनके कार्य में बाधा डाली। इस दौरान उपकेंद्र का संचालन प्रभावित होने से लगभग एक घंटे तक पूरे अमेठी जिले की विद्युत आपूर्ति ठप रही, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में महिला किसान नेत्री रीता सिंह कथित तौर पर विद्युत कर्मचारियों से बिजली बंद करने की बात कहती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद विद्युत विभाग और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। 132 केवी विद्युत उपकेंद्र गौरीगंज के अवर अभियंता पवन कुमार यादव की तहरीर पर गौरीगंज कोतवाली में रीता सिंह, उनके बेटे नंदन सिंह और 30 से 40 अज्ञात महिलाओं के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191 (1), 191(2), 115(2), 151(3), 121, 132, 221 और 3(5) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों से अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों में भी नाराजगी है और उन्होंने अपनी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।