
PARDARSHI VIKASH NEWS भीषण गर्मी और हीट वेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है, वहीं जिला अस्पताल में उल्टी, दस्त, डायरिया और गर्मी से बीमार होने वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हालात को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने विशेष इंतजाम शुरू कर दिए हैं।जिला अस्पताल डॉ. भीमराव अंबेडकर संयुक्त चिकित्सालय में गर्मी से प्रभावित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार इन दिनों करीब 15 से 20 प्रतिशत मरीज गर्मी से जुड़ी बीमारियों के कारण इलाज कराने पहुंच रहे हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।गर्मी से राहत देने के लिए जिला अस्पताल में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। अस्पताल परिसर में सचल जल सेवा शुरू की गई है, ताकि मरीजों और तीमारदारों को ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही ओआरएस घोल सेवा भी शुरू की गई है और लोगों को लगातार ओआरएस पिलाया जा रहा है।अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए एयर कंडीशन कोल्ड रूम और विशेष बेड की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि हीट वेव के दौरान मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।