
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ स्थित पुराने और नए गंगा पुलों पर शुक्रवार सुबह भीषण जाम लग गया, जिससे हजारों वाहन चालक और यात्री घंटों तक फंसे रहे। तेज धूप और उमस के बीच लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार पुराने गंगा पुल पर एक कंटेनर अचानक खराब होकर बीच रास्ते में खड़ा हो गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। वहीं नए गंगा पुल पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा चल रहे सड़क मरम्मत कार्य ने स्थिति को और बिगाड़ दिया, जिससे उन्नाव से कानपुर आने वाला पूरा ट्रैफिक ठप हो गया।जाम के कारण उन्नाव की ओर करीब तीन किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। कार, बस, ट्रक, ऑटो और बाइक सवार तपती सड़क पर घंटों रेंगते नजर आए। ऑफिस और टेनरी जाने वाले कर्मचारियों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।स्थानीय यात्रियों ने बताया कि वे रोजाना समय पर अपने कार्यस्थल पहुंचते हैं, लेकिन जाम के कारण उन्हें लंबे समय तक सड़क पर फंसा रहना पड़ा। भीषण गर्मी और उमस ने हालात और मुश्किल बना दिए।सूचना पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस और NHAI टीम ने क्रेन की मदद से खराब कंटेनर को हटवाया, जिसके बाद करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ। हालांकि इस दौरान आसपास की सड़कों पर भी दबाव बढ़ गया।स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क मरम्मत जैसे कार्य रात के समय किए जाएं ताकि आम जनता को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।