news-details

जीजा ने साली को मारी गोली, फिर खुद को भी उड़ाया

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो  कुशीनगर जनपद के तमकुहीराज थाना क्षेत्र स्थित बसडिला बुजुर्ग गांव में बुधवार सुबह रिश्तों को तार-तार कर देने वाली दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। बिहार के गोपालगंज से ससुराल पहुंचे एक युवक ने अपनी साली की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।बताया जा रहा है कि गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मचक गांव निवासी जितेंद्र प्रजापति (27) की शादी करीब 9 महीने पहले बसडिला बुजुर्ग निवासी शंभू प्रजापति की बड़ी बेटी से हुई थी। बुधवार सुबह वह अकेले बाइक से ससुराल पहुंचा। दामाद के आने पर परिवार ने उसका स्वागत किया और नाश्ता कराया।सुबह करीब 8 बजे जितेंद्र ने अपनी 18 वर्षीय साली नैना कुमारी को बातचीत के बहाने कमरे में बुलाया और अंदर से कुंडी बंद कर ली। कुछ ही देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन घबराकर मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलने की कोशिश करने लगे, लेकिन तभी दूसरी गोली चलने की आवाज आई।खिड़की से झांककर देखा गया तो दोनों के शव कमरे के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़े थे। नैना की कनपटी पर गोली लगी थी, जबकि जितेंद्र ने खुद को भी गोली मार ली थी। कमरे का दृश्य बेहद भयावह था।सूचना मिलते ही तमकुहीराज थाना प्रभारी गिरजेश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम आकांक्षा मिश्रा और सीओ जयंत यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों शव बाहर निकाले और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मौके से तमंचा बरामद हुआ है, जबकि फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।