
PARDARSHI VIKASH NEWS तरनतारन। पंजाब के तरनतारन जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। अपनी पत्नी को मायके से वापस ससुराल ले जाने पहुंचे युवक पर उसके साले ने कथित रूप से पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बीच-बचाव करने आई आरोपी की भाभी भी आग की चपेट में आ गई। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में आरोपी भी झुलस गया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी आग बुझाकर उसे बचा लिया। यह वारदात 13 जून को गांव संघा में हुई थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अमृतसर निवासी लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब नौ महीने पहले हुई थी। पारिवारिक विवाद के बाद उसकी पत्नी मायके में रह रही थी और उसे मनाने के लिए लवप्रीत ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान ससुराल पक्ष से विवाद बढ़ गया। आरोप है कि साला साजन सिंह पेट्रोल की बोतल लाया, लवप्रीत पर पेट्रोल छिड़का और लाइटर से आग लगा दी। बीच-बचाव करने आई गुरजीत कौर भी आग की चपेट में आ गई। आग बुझाने के लिए लवप्रीत पास की नाली में कूद गया, लेकिन पानी कम होने के कारण आग नहीं बुझ सकी। पुलिस ने आरोपी साजन सिंह के खिलाफ दोहरी हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।