
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा। केंद्रीय जीएसटी एवं कस्टम विभाग में हवलदार पद पर तैनात मलपुरा निवासी रूपेंद्र सिंह की केरल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा, जहां पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।रूपेंद्र सिंह का चयन करीब एक वर्ष पहले केंद्रीय जीएसटी एवं कस्टम विभाग में हुआ था। प्रशिक्षण के बाद 9 मार्च को उनका विवाह राजस्थान के धौलपुर निवासी पूजा के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद वह ड्यूटी पर केरल लौट गए थे।परिजनों का आरोप है कि घटना से कुछ दिन पहले रूपेंद्र ने फोन पर अपनी जान को खतरा होने की बात कही थी। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। बाद में विभाग की ओर से सूचना दी गई कि उनका शव कैंप से करीब 80 किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक के पास मिला है। विभाग ने इसे आत्महत्या बताया है।हालांकि, परिवार ने आत्महत्या की आशंका से इनकार करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि रूपेंद्र अपने भविष्य और परिवार को लेकर बेहद उत्साहित थे और ऐसा कदम नहीं उठा सकते थे। परिजनों ने घटना की सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।