
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। राजकीय आईटीआई अलीगंज में शुक्रवार को आयोजित रोजगार मेले में 415 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। मेले में प्रमुख कंपनियों ने विभिन्न तकनीकी और औद्योगिक पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की।प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने बताया कि रोजगार मेले में कुल 415 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। इनमें लगभग 200 महिला अभ्यर्थियों ने हिंदुस्तान यूनिलीवर की भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया, जबकि करीब 100 अभ्यर्थी हीरो मोटोकॉर्प के लिए उपस्थित हुए।कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का पंजीकरण करने के बाद लिखित परीक्षा और साक्षात्कार आयोजित किए। चयन प्रक्रिया में उम्मीदवारों की तकनीकी दक्षता, योग्यता और कार्य क्षमता का मूल्यांकन किया गया।हिंदुस्तान यूनिलीवर की ओर से 25 पदों पर महिला अभ्यर्थियों की भर्ती की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती सुमेरपुर (हमीरपुर) इकाई में की जाएगी। वहीं, हीरो मोटोकॉर्प ने अपने हरिद्वार प्लांट के लिए तकनीकी पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की।आईटीआई प्रशासन के अनुसार चयन प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही, जिसके बाद कंपनियों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी की जानी थी। रोजगार मेले का उद्देश्य प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराना है।